क्या भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी अक्षरा सिंह? गिरिराज सिंह से मुलाकात के बाद चर्चा में आईं भोजपुरी स्टार, लिखा – आशीर्वाद मिला

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/1080150056_will-akshara-singh-contest-bihar-elections-on-bjp-ticket.jpg

बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के साथ ही सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सोशल मीडिया पर अब यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि क्या अक्षरा सिंह भी राजनीति में कदम रखने जा रही हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी पेश कर सकती हैं?

 

मुलाकात के बाद अक्षरा सिंह ने सोशल मीडिया पर गिरिराज सिंह संग अपनी एक तस्वीर साझा की और लिखा—“आशीर्वाद मिला।इस एक पंक्ति ने राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी। लोगों ने इसे राजनीति में उनके संभावित प्रवेश से जोड़ लिया। हालांकि, अक्षरा सिंह ने खुद इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है।

एयरपोर्ट पर हुई थी मुलाकात” — अक्षरा सिंह
इंडिया टीवी से बातचीत में अक्षरा सिंह ने स्पष्ट किया कि उनकी मुलाकात गिरिराज सिंह से एयरपोर्ट पर संयोगवश हुई थी और इसका राजनीति या टिकट से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा, “गिरिराज जी वरिष्ठ हैं, इसलिए आशीर्वाद मिलालिखा था। इसका मतलब चुनावी आशीर्वाद नहीं है।

 


उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई करीबी मित्र उनसे चुनाव प्रचार के लिए आग्रह करेगा तो वह जरूर सहयोग करेंगी, लेकिन फिलहाल खुद के चुनाव लड़ने की कोई योजना नहीं है।

बिहार का चुनावी परिदृश्य
बिहार में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को और दूसरे चरण की 11 नवंबर को होगी, जबकि नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। राज्य की कुल 243 विधानसभा सीटों में से 38 सीटें एससी और 2 सीटें एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं। पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे में 122 सीटों पर मतदान होगा।

 

भोजपुरी कलाकारों की सियासी दिलचस्पी
अक्षरा सिंह से पहले भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और लोकगायिका मैथिली ठाकुर के नाम भी चुनावी चर्चाओं में आ चुके हैं। हालांकि अब तक किसी ने आधिकारिक तौर पर राजनीति में उतरने की घोषणा नहीं की है।

इसे भी पढ़ें

Latest News