-->

वाराणसी में एक्टिव हुआ लुटेरी दुल्हन गैंग: शादी हुई, सात फेरे भी लिए, विदाई के समय 4 लाख के गहने लेकर दुल्हन फरार, लोकेशन भी नहीं हो सका ट्रेस

वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई से पहले ही दुल्हन अपने भाई के साथ फरार हो गई। इस घटना से दूल्हे और उसके परिवार के होश उड़ गए। दुल्हन के फरार होने की जानकारी मिलने पर बारातियों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा।


जानकारी के मुताबिक, भदोही जिले के रतना गांव निवासी इंद्रजीत कहार ने अपने बेटे सिद्धार्थ कुमार की शादी वाराणसी के बड़ागांव क्षेत्र के हसनपुर गांव में कृपाशंकर की बेटी रीता से तय की थी। जनवरी में रिंग सेरेमनी के बाद 6 मार्च को शादी की तारीख तय हुई थी। गुरुवार की शाम धूमधाम से बारात पहुंची और दूल्हे का भव्य स्वागत किया गया।

 


शादी की सभी रस्में पूरे हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुईं। वरमाला के बाद दूल्हा-दुल्हन ने फोटो सेशन किया और फिर परिवार के साथ खाना खाया। रात 3 बजे तक शादी की रस्में पूरी हुईं, जिसमें सात फेरे और सिंदूरदान की रस्म भी शामिल थी। इसके बाद तय हुआ कि सुबह 8 बजे दुल्हन की विदाई होगी।

 


विदाई से पहले गायब हुई दुल्हन


शुक्रवार सुबह जब दूल्हे के पिता इंद्रजीत ने विदाई के लिए फोन किया तो लड़की के पिता कृपाशंकर ने कुछ और समय मांगा। बाराती भी आराम करने लगे और दूल्हा सो गया। कुछ घंटों बाद जब दूल्हे के भाई ने जाकर दुल्हन के घर पर पता किया तो वहां दुल्हन नहीं थी। घरवालों से पूछताछ करने पर पता चला कि रीता अपने भाई के साथ बाइक पर बैठकर कहीं चली गई है।


बारातियों ने किया हंगामा, पुलिस पहुंची मौके पर


दुल्हन के फरार होने की खबर मिलते ही दूल्हे के पिता इंद्रजीत ने हंगामा कर दिया। बारातियों ने भी विरोध जताया और दुल्हन पक्ष से जवाब मांगा। मामला बिगड़ता देख स्थानीय पुलिस को बुलाया गया। दोनों पक्षों के बीच घंटों पंचायत चली, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।


दूल्हे के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि शादी के दौरान उन्होंने रीता को 4 लाख रुपये के गहने पहनाए थे, जिन्हें लेकर वह फरार हो गई। पुलिस ने लड़की के पिता कृपाशंकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

 


मोबाइल भी बंद, पुलिस कर रही जांच


दुल्हन और उसके भाई के मोबाइल शुक्रवार दोपहर तक भी बंद मिले, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि लड़की वालों ने अब विदाई से साफ इनकार कर दिया है।


बड़ागांव थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। दूल्हे के परिवार की ओर से दुल्हन, उसके भाई और पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह पहले से सुनियोजित साजिश थी या नहीं।

इसे भी पढ़ें

Latest News