पटना। बिहार की राजनीति में अब भोजपुरी सितारों की एंट्री से नया मोड़ आ सकता है। दिल्ली में भाजपा की जीत के बाद पूर्वांचल के भोजपुरी स्टार्स अब बिहार के चुनावी रण की ओर रुख कर रहे हैं। पहले से ही मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ और रवि किशन ने अपनी जिम्मेदारी संभाल रखी थी, लेकिन अब खेसारी लाल यादव और पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के सक्रिय होने से भोजपुरी राजनीति का प्रभाव और गहरा हो सकता है।
खेसारी लाल यादव हुए मनोज तिवारी के करीबी
इन दिनों भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव और भाजपा सांसद मनोज तिवारी की नजदीकियां चर्चा का विषय बनी हुई हैं। खेसारी ने मनोज तिवारी को दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाए जाने की इच्छा जताकर सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने इसे बिहार और पूर्वांचल के सम्मान से जोड़कर भाजपा के रणनीतिकारों को एक नया टास्क भी दे दिया।
बिहार में भले ही भोजपुरी भाषी लोग कुछ जिलों तक सीमित हैं, लेकिन भोजपुरी गाने और स्टार्स की लोकप्रियता पूरे राज्य में फैली हुई है। ऐसे में अगर खेसारी लाल यादव सक्रिय राजनीति में आते हैं, तो भाजपा के लिए यह एक बड़ा चुनावी दांव साबित हो सकता है।
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी हुईं सक्रिय
भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी अब बिहार की राजनीति में अपनी जगह बनाने की तैयारी में हैं। पहले से ही यह चर्चा थी कि पवन सिंह लोकसभा चुनाव पर नजर रखे हुए थे, जबकि ज्योति सिंह विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही थीं।
चर्चाओं को और बल तब मिला जब ज्योति सिंह ने पूर्व सांसद आनंद मोहन से मुलाकात की। माना जा रहा है कि वे जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ने की कोशिश में हैं और आनंद मोहन के प्रभाव के साथ राजपूत मतों को गोलबंद करने की रणनीति बना रही हैं।
रोहतास से चुनाव लड़ने की संभावना अधिक
सूत्रों के मुताबिक, ज्योति सिंह इन दिनों रोहतास जिले के डेहरी और काराकाट क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि वे डेहरी या फिर काराकाट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया है कि वे पार्टी नेतृत्व के फैसले का इंतजार करेंगी और जहां से टिकट मिलेगा, वहीं से चुनाव लड़ेंगी।
पवन सिंह का लोकसभा चुनाव में रहा निराशाजनक प्रदर्शन
2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस सीट से महागठबंधन समर्थित भाकपा (माले) प्रत्याशी राजाराम सिंह ने जीत दर्ज की थी, जबकि एनडीए प्रत्याशी उपेंद्र कुशवाहा तीसरे स्थान पर रहे थे।
राजनीति में भोजपुरी स्टार्स का बढ़ता प्रभाव
बिहार की राजनीति में भोजपुरी स्टार्स की भूमिका लगातार बढ़ रही है। मनोज तिवारी भाजपा के प्रमुख नेता और सांसद हैं। दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ आजमगढ़ से सांसद हैं। रवि किशन गोरखपुर से सांसद हैं। अब खेसारी लाल यादव और पवन सिंह भी राजनीति में सक्रिय होते दिख रहे हैं।