-->

औरंगजेब विवाद में पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की एंट्री, कहा – पीटकर सॉरी बोलना हमें नहीं आता, हमारे लिए राम-कृष्ण ही महान

नई दिल्ली। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने औरंगजेब को लेकर चल रहे विवाद पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि हमारी नजर में अकबर, औरंगजेब और बाबर महान नहीं हैं। हमारे लिए सिर्फ भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और रघुवंश के राजा ही महान थे और हमेशा रहेंगे।


शिवाजी, महाराणा प्रताप और भगत सिंह को बताया देश का गौरव


धीरेंद्र शास्त्री ने देश के महान योद्धाओं को याद करते हुए कहा कि यह देश छत्रपति शिवाजी महाराज, वीर संभाजी, महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस का है। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, इसलिए असली महानता इनकी है। उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि कुछ लोग आज भी औरंगजेब का महिमामंडन कर रहे हैं, जबकि वास्तविक महानता उन योद्धाओं की है, जिनकी वजह से आज भारत का अस्तित्व कायम है।

 


'पीटकर सॉरी बोलना, सॉरी नहीं कहलाता' – धीरेंद्र शास्त्री


जब धीरेंद्र शास्त्री से पूछा गया कि कुछ लोग यह तर्क देते हैं कि औरंगजेब ने कई मंदिरों का निर्माण भी करवाया था, तो उन्होंने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "पीटकर सॉरी बोलना, सॉरी नहीं कहलाता। यह एक प्रायोजित षड्यंत्र है।" उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों की सुरक्षा उन्हीं महापुरुषों के कारण संभव हो पाई है, जिन्होंने भारत की संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया।


'राजनीति पर नहीं करते टिप्पणी'


राजनीतिक दलों द्वारा दिए जा रहे बयानों पर प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "हम राजनीति पर टिप्पणी नहीं करते। हमारा विषय सिर्फ अध्यात्म है। राजनेता अपने तरीके से बयान देते रहते हैं, लेकिन हमारा लक्ष्य भारतीय संस्कृति और धर्म की रक्षा करना है।"

 


अबू आजमी के बयान पर उठाए सवाल


गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब का बचाव करते हुए कहा था कि वह क्रूर शासक नहीं था और उसने कई मंदिर भी बनवाए थे। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र विधानसभा से उन्हें निलंबित कर दिया गया। निलंबन के बाद उन्होंने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने किसी महापुरुष का अपमान नहीं किया बल्कि इतिहासकारों की बात को दोहराया है।


'हिंदू राष्ट्र बनेगा भारत' – धीरेंद्र शास्त्री


पत्रकारों से बातचीत करते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, "समय बदल रहा है और भारत की प्राचीन संस्कृति का गौरव फिर से स्थापित होगा। मेरा पूरा विश्वास है कि भारत निश्चित रूप से हिंदू राष्ट्र बनेगा। देश की दशा और दिशा बदल रही है और जल्द ही हमारी प्राचीन संस्कृति का ध्वज फिर से ऊंचा लहराएगा।"

इसे भी पढ़ें

Latest News