-->

बिहार में मठ बनाएंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, मंच से कर दिया बड़ा ऐलान, कहा – हिंदू एक रहेंगे तो कोई तोड़ नहीं सकता 

गोपालगंज। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने हनुमंत कथा के दूसरे दिन शुक्रवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि हिंदू अगर अकेले रहेंगे तो टूट जाएंगे, लेकिन यदि वे एक साथ रहेंगे तो उन्हें कोई नहीं तोड़ सकता। उन्होंने अपने संबोधन में हिंदू एकता की तुलना मधुमक्खियों के छत्ते से की और कहा कि अगर कुत्ते पर पत्थर फेंका जाए तो वह भाग जाएगा, लेकिन मधुमक्खियों के छत्ते पर फेंका जाए तो इंसान को भागना पड़ेगा। उन्होंने इस उदाहरण के माध्यम से हिंदुओं से एकजुट रहने का आह्वान किया।

 


‘हम संविधान के खिलाफ नहीं, लेकिन हिंदू राष्ट्र के लिए संशोधन हो सकता है’


धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि वे संविधान के विरोधी नहीं हैं, बल्कि उसे अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने कहा,


"हमारे पूर्वजों ने संविधान को स्वीकार किया है, और हम भी उसी के अनुसार चलेंगे। लेकिन अगर संविधान में 125 से अधिक संशोधन हो सकते हैं, तो एक बार हिंदू राष्ट्र के लिए भी संशोधन हो जाए तो इसमें गलत क्या है?"

 


‘बिहार में मठ बनाएंगे, हमें कोई रोक नहीं सकता’


बिहार में अपने प्रवास और विरोध को लेकर भी उन्होंने मंच से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "बिहार में हमारे आने के बाद से बवाल मचा हुआ है। मीडिया में भी चर्चा हो रही है कि बाबा को आने दो, हम देख लेंगे। लेकिन यह देश बाबर का नहीं, यह रानी लक्ष्मीबाई, श्रीराम और संतों का देश है। बिहार हमारा है, और जब तक जियेंगे, यहां आते रहेंगे। हमें कोई नहीं रोक सकता।"


धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आगे कहा कि यदि उनके प्रवचनों का विरोध किया गया, तो वे बिहार में अपना स्थायी मठ बना लेंगे। उन्होंने कहा, "अगर हमें छेड़ा गया, तो हम छोड़ेंगे नहीं।"

 


10 मार्च तक चलेगी हनुमंत कथा


बता दें कि गोपालगंज के रामनगर स्थित राम जानकी मठ में 10 मार्च तक हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आज दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा, जिसमें भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

इसे भी पढ़ें

Latest News