-->

राजा भैया की पत्नी ने विधायक पति के खिलाफ दर्ज कराया FIR, दिल्ली में भानवी सिंह बोलीं- मुझे जान का खतरा; 30 साल की शादी, लेकिन सम्मान नहीं मिला

नई दिल्ली। प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने उन पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाना में IPC की धारा 498A के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। भानवी सिंह का कहना है कि राजा भैया कई सालों से उनके साथ क्रूरता कर रहे थे, जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट में भी हुई है। उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग भी की है।


पहले भी की थी शिकायत, लेकिन वापस ले ली थी


भानवी सिंह ने FIR में बताया कि उन्होंने 20 मार्च 2023 को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) में अपने पति के खिलाफ क्रूरता और घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, उन्होंने यह सोचकर शिकायत वापस ले ली थी कि हालात बेहतर हो सकते हैं और उनका वैवाहिक जीवन फिर से सामान्य हो सकता है।

 


लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बीते एक साल से लगातार जारी प्रताड़ना और जान से मारने की धमकियों ने उन्हें दोबारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पर मजबूर कर दिया।


भानवी सिंह ने बताया कि उनकी शादी को तीन दशक हो चुके हैं, लेकिन उन्हें ससुराल में कभी भी उचित सम्मान नहीं मिला। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।


उन्होंने कहा, "मेरी सास मेरे वैवाहिक जीवन में लगातार हस्तक्षेप करती थीं, लेकिन मेरे पति ने कभी भी इस पर ध्यान नहीं दिया। मैं सालों तक यह सब सहती रही, लेकिन अब स्थिति असहनीय हो गई है।" भानवी ने आगे कहा कि पिछले एक साल में उन पर कई बार हमले हुए हैं, जिससे उनकी जान को खतरा महसूस हो रहा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।


शादी के बाद अकेलेपन में गुजरा जीवन


भानवी सिंह के अनुसार, शादी के बाद उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी और पति व सास के साथ रहने के लिए बैती स्थित ससुराल जाना पड़ा। लेकिन शादी के बाद भी वह अधिकतर समय अकेली ही रहीं।


उनके पति राजा भैया ज्यादातर समय लखनऊ में अपने पैतृक घर में बिताते थे, जबकि भानवी ससुराल में अकेले रहती थीं। जब भी वह पति से पूछती थीं कि वह लखनऊ में क्यों रहते हैं, तो राजा भैया कहते थे कि उन्हें वहां काम है।


भानवी के अनुसार, उनके ससुर भदरी में रहते थे, जो उनकी ससुराल से सिर्फ 15 मिनट की दूरी पर था। बावजूद इसके, राजा भैया वहां भी नहीं रहते थे और अपना अधिकतर समय लखनऊ में ही बिताते थे।

 


2022 में तलाक की अर्जी, लगाए गंभीर आरोप


भानवी सिंह ने नवंबर 2022 में दिल्ली के साकेत कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। उन्होंने क्रूरता और घरेलू हिंसा को तलाक का आधार बताया था।


उन्होंने आरोप लगाया कि राजा भैया ने उनके साथ मारपीट की और उनके अवैध संबंध भी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सितंबर 2020 से ही राजा भैया ने उन्हें घर में आने से मना कर दिया था।


कौन हैं भानवी सिंह?


भानवी सिंह बस्ती के पूर्व राजघराने से ताल्लुक रखती हैं। वह बस्ती राजघराने के कुंवर रवि प्रताप सिंह की बेटी हैं। उनका जन्म 10 जुलाई 1974 को बस्ती में हुआ था।


उन्होंने बस्ती और लखनऊ में पढ़ाई की और 1995 में भदरी रियासत के राजा उदय प्रताप सिंह के बेटे राजा भैया से शादी की। शादी के समय राजा भैया की उम्र 25 साल थी।


भानवी और राजा भैया के चार बच्चे हैं— दो बेटे शिवराज प्रताप सिंह, बृजराज प्रताप सिंह और दो बेटियां राघवी और बृजेश्वरी सिंह।


रिश्तों में कब आई दरार?


शादी के शुरुआती वर्षों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बीते कुछ वर्षों से दोनों के बीच मतभेद बढ़ने लगे। धीरे-धीरे हालात इतने बिगड़ गए कि भानवी सिंह ने पति से अलग रहना शुरू कर दिया और अब वह दिल्ली में रहती हैं।


भानवी सिंह हैं राजा भैया से ज्यादा अमीर


दिलचस्प बात यह है कि राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह खुद एक बिजनेस वुमन हैं और उनके पास राजा भैया से ज्यादा संपत्ति है।


2017 के चुनावी हलफनामे के अनुसार:


•    राजा भैया की कुल संपत्ति 14 करोड़ रुपए थी।
•    इसमें से 7.2 करोड़ की संपत्ति उनकी पत्नी भानवी के नाम थी।
•    जबकि राजा भैया के पास सिर्फ 6 करोड़ रुपए की संपत्ति थी।


मामले की जांच में जुटी पुलिस


भानवी सिंह की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने राजा भैया के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआत में यह मामला क्राइम अगेंस्ट वुमेन सेल के पास था और इसे मीडिएशन सेंटर में सुलझाने की कोशिश भी की गई थी। लेकिन जब कोई समाधान नहीं निकला, तो अंततः सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।

इसे भी पढ़ें

Latest News